*एक पेड लोकतंत्र के नाम -स्वीप गतिविधि अंतर्गत -लोकतंत्र मे मतदाता की भूमिका को किया रेखांकित**

*पौधों की हरियाली से, लोकतंत्र की खुशहाली का लिया संकल्प*
*केकड़ी 20अगस्त (ब्यूरो )*
*बुधवार को राजस्थान में नगर निकाय चुनावों की घोषणा के बाद गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय केकड़ी में निर्वाचन साक्षरता क्लब के तत्वावधान में स्वीप गतिविधि के अंतर्गत ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोकतंत्र में मतदाता की भूमिका को रेखांकित करते हुए मतदान के प्रति जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।*
*कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आगामी नगर निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक प्रयोग करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।*
*कार्यक्रम का आयोजन निर्वाचन साक्षरता क्लब के प्रभारी सहा. आचार्य प्रवीण वर्मा, सहायक प्रभारी सहा. आचार्य पुष्पेन्द्र यादव एवं सहा. आचार्य आनंद पाराशर के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ की संकल्पना के तहत पौधरोपण किया तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।*
*विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से थीम सॉन्ग ‘मैं हूँ भारत, भारत है मुझमें’ प्रस्तुत कर राष्ट्रीय एकता, लोकतांत्रिक चेतना एवं जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया।*
*इस दौरान विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं मतदान करने के साथ अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करें।*
*कार्यक्रम में पौधरोपण के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार एक पौधे को संरक्षण और देखभाल से विकसित किया जाता है, उसी प्रकार जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत होता है।* *कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण, पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी तथा मतदाता जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के संकल्प के साथ हुआ।*





