*राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय, केकड़ी में हर्षोल्लास से मनाया स्वतंत्रता दिवस*

*केकड़ी (पवन राठी )*
*राजकीय आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा एकीकृत महाविद्यालय एवं राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय, केकड़ी में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।* *कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।*
*समारोह में BAMS एवं BNYS के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों द्वारा नशामुक्ति पर आधारित प्रभावशाली रोल प्ले, देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत योग थीम पर नृत्य तथा राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति को दर्शाता गरिमामय राजस्थानी नृत्य प्रस्तुत किया गया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया और स्वस्थ, संस्कारवान एवं नशामुक्त समाज का संदेश दिया।* *कार्यक्रम का मंच संचालन BAMS द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया।*
*इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. गिरिराज साहू ने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल बाहरी बंधनों से मुक्ति का पर्व नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन से नकारात्मक सोच, आलस्य, भय एवं व्यसन जैसी बुराइयों से स्वतंत्र होने का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील कि।*
*डॉ. कमलेश कुमार गुर्जर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाला भारत युवाओं के हाथों में है। एक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए नशामुक्त, स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार युवा पीढ़ी का होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में भी नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।*
*समारोह में महाविद्यालय एवं राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, स्वस्थ समाज एवं नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ हुआ।*














