*संत निरंकारी मिशन का विशाल रक्तदान शिविर सम्पन्न, 160 यूनिट रक्त संग्रहित*

*रक्त वीरों नें उत्साह से किया रक्तदान*
*केकड़ी 28 जून (जनतन्त्र तक अपडेट -पवन राठी )*
*संत निरंकारी मिशन, ब्रांच केकड़ी द्वारा संत निरंकारी सत्संग भवन, अजमेर रोड पर आयोजित विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर रविवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। शिविर में क्षेत्र के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मानव सेवा का संदेश दिया। कुल 222 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 160 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।*
*ब्रांच मुखी अशोक कुमार रंगवानी ने बताया कि रक्तदान शिविर में केकड़ी क्षेत्र के हर वर्ग का भरपूर सहयोग मिला। रक्तदाताओं का उत्साह और सेवा भावना प्रेरणादायक रही।*
*सेवादल इंचार्ज प्रेम जेठवानी ने जानकारी दी कि संग्रहित 160 यूनिट रक्त में 53 यूनिट जवाहरलाल नेहरू अस्पताल, अजमेर, 38 यूनिट जनाना अस्पताल, अजमेर तथा 69 यूनिट राजकीय जिला चिकित्सालय, केकड़ी की टीमों द्वारा संकलित किया गया।*
*शिविर में जवाहरलाल नेहरू अस्पताल से डॉ. शिव दयाल शर्मा, जनाना अस्पताल से डॉ. राकेश शर्मा तथा राजकीय जिला चिकित्सालय, केकड़ी से डॉ. लोकेश धाकड़ अपनी-अपनी मेडिकल टीम के साथ उपस्थित रहे और रक्त संग्रहण कार्य को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया।*
*इस अवसर पर शिवरतन मूंदड़ा, डॉ. मुकेश माथुर, गांधी पार्क योग परिवार के जे.पी. सोनी, गोविंद गर्ग एवं श्रीमती सरिता मूंदड़ा सहित केकड़ी की अनेक सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर शिविर का उत्साहवर्धन किया। अतिथियों ने शिविर की व्यवस्थाओं एवं सेवा भावना की मुक्त कंठ से सराहना की।**
*कार्यक्रम अजमेर जोन के ज्ञान प्रचारक महात्मा अशोक जी के मार्गदर्शन एवं देखरेख में सम्पन्न हुआ। इस दौरान टांकावास ब्रांच के मुखी कालूराम जी, गुलगांव ब्रांच के मुखी गोपाल जी तथा प्रेम फिटनेस जिम के मनीष आचार्य को उनके विशेष सहयोग के लिए माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।*
*कार्यक्रम के अंत में ब्रांच मुखी अशोक कुमार रंगवानी ने सभी रक्तवीरों, चिकित्सकों, अतिथियों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनती है।”*









